मोदी ने मनोहर लाल खट्टर पर फिर भरोसा जताया, कहा- हरियाणा में पहले से 3% अधिक वोट बड़ी बात

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर फिर भरोसा जताते हुए कहा कि उनकी सरकार के कामकाज की बदौलत ही प्रदेश में भाजपा को फिर से सरकार बनाने का मौका मिला है। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की भी तारीफ की और कहा कि दोनों राज्यों में बनने वाली पार्टी की सरकारें पहले से भी बेहतर काम करेंगी।
 


हरियाणा और महाराष्ट्र के विधानसभा चुनावों के नतीजे आने के बाद गुरुवार शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने चुनाव परिणामों पर खुशी जताते हुए कहा कि दोनों राज्यों में आने वाले पांच साल विकास के होंगे। मनोहर लाल ने हरियाणा में बेहतर शासन दिया है और जनता ने इसे स्वीकारा भी है। पांच साल में थोड़ी सत्ता विरोधी लहर होती है, फिर भी पिछली बार की तुलना में इस बार तीन प्रतिशत अधिक मत हासिल करना बड़ी बात है।


दरअसल, हरियाणा में भाजपा के इस बार बहुमत से चूक जाने के कारण मुख्यमंत्री के लिए विकल्प के तौर पर किसी नए चेहरे को लेकर भी अटकलें लगने लगी थीं। मगर, प्रधानमंत्री के इस बयान से साफ हो गया है कि राज्य में मनोहर लाल के नेतृत्व में ही सरकार बनेगी।