रतलाम/ शहर के मध्य माणकचौक स्थित महालक्ष्मी मंदिर पर नोटों से सजावट का कार्य सोमवार से शुरू हो गया है। मंदिर के गर्भगृह व परिसर में 10-10 रुपए के नोटों की लड़ियां बनाकर लगाई जा रही हैं। मुंबई से आई दो महिलाओं ने 5-5 हजार रुपए सजावट के लिए दिए। मंदिर में नोटों की लड़ियां बनाने में भी मदद की।
महालक्ष्मी मंदिर पर पांच दिवसीय दीपोत्सव की रुआत धनतेरस से होगी। हर साल की तरह इस वर्ष भी मंदिर को नोटों व आभूषणों से सजाने की तैयारी शुरू हो गई है। सोमवार को पुष्य नक्षत्र के कारण कई भक्त सजावट के लिए नोटों की गडि्डयां लेकर मंदिर पहुंचे। हालांकि इस बार मंदिर की व्यवस्था में प्रशासन का हस्तक्षेप है, इस कारण कारण बड़ी रकम लेकर कोई नहीं पहुंचा, जबकि पूर्व में लाखों रुपए दिए जाते थे।
प्रशासन भी प्रतिदिन मंदिर में आने वाली राशि की जानकारी ले रहा है। निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। मंदिर में नगदी के साथ ही एक व्यापारी द्वारा तिजोरी लाकर मंदिर में रखी गई है। साथ ही एक भक्त ने नगदी के साथ नोट गिनने की मशीन भी दी है। पूर्व में भी एक भक्त ने नोट गिनने की मशीन दी थी।
मुंबई निवाली सुजाता बिलावा ने मंदिर की सजावट यू ट्यूब पर देखी। मुंबई में ही अपनी मित्र वर्षा चेचानी को भी बताया। सोमवार सुबह दोनों पहली बार रतलाम आई। मंदिर पहुंच 5-5 हजार रुपए सजावट के लिए दिए। सुजाता ने 10-10 तो वर्षा ने 50 रुपए की गड्डी दी। शाम को भी वह मंदिर पहुंची और नोटों की लड़ियां बनाने में सहयोग किया। सुजाता ने बताया कि मुंबई में वे महालक्ष्मी मंदिर जाती हैं।