भोपाल/छतरपुर। हाई प्रोफाइल हनीट्रेप मामले में पकड़ी गई छतरपुर में देरी रोड की निवासी आरती दयाल की एक नई कहानी सामने आई है। दरअसल, जिस पकंज दयाल को आरती का पति बताया जा रहा है उसके साथ आरती लिव इन में रहती है। आरती ने पंकज के साथ रहने से पहले अनिल वर्मा नाम के बैंक कर्मी के साथ पहला विवाह किया था। इंदौर में नगर निगम के इंजीनियर हरभजन सिंह को ब्लैकमेल करने के आरोप में आरती दयाल सहित कई युवतियों को क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया है।
पति के खिलाफ प्रताड़ना का दर्ज कराया था प्रकरण : इंदौर में गिरफ्तारी के दौरान सामने आए दस्तावेजों में आरती के पति का नाम पंकज दयाल सामने आया है। पर सच्चाई यह है कि पंकज से पहले आरती ने हरियाणा फरीदाबाद के एलजीएम नगर में रहने वाले अनिल वर्मा के साथ पहले शादी की थी।
संबंध बिगड़ने पर आरती ने छतरपुर न्यायालय और कुटुंब न्यायालय में अनिल वर्मा उसके पिता और मां के खिलाफ मार्च 2014 में प्रकरण दर्ज कराया था। बाद में दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया। इसके बाद आरती ने अनिल को छोड़ दिया। 2017 में वह छतरपुर के ही रहने वाले पंकज दयाल के संपर्क में आई। वे बगैर शादी किए ही लिव इन में साथ रहने लगे।
पकंज ने कहा हमने शादी नहीं की: इस संबंध में पंकज दयाल का कहना है कि उन्होंने आरती के साथ कभी शादी नहीं की। बगैर शादी साथ रहने के दौरान ही आरती ने अपने परिचय पत्र में पति के रूप में उनका नाम दर्ज करा लिया। पंकज ने बताया कि आरती का चाल चलन और संगत देख वे उससे अलग हो गए। बाद में आरती ने फरवरी 2019 में पंकज उसके पिता राम दयाल और मां के खिलाफ छतरपुर सिविल लाइन थाने में प्रकरण दर्ज करा दिया। आरती की एफआईआर के खिलाफ पंकज ने हाईकोर्ट में अपील दायर की है। अब वे हाईकोर्ट में पूरे प्रकरण को लेकर कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं।
मां ने मामले में जताई अनभिज्ञता: देरी रोड पर रहने वाली उसकी मां ने बताया कि उसकी बेटी का पति से विवाद चल रहा है। इसलिए वह भोपाल में रह रही है। उसके साथ कुछ हुआ है, उसे इस बारे में जानकारी नहीं है। छतरपुर में सागर रोड पर आरती 6 माह पहले तक एक फिटनेश सेंटर संचालित करती थी। इसके बाद वह भोपाल में जाकर शिफ्ट हो गई।